Home क्राइम वाहन पंजीकरण धोखाधड़ी मामले में सोलन पुलिस को एक और सफलता, आठवां...

वाहन पंजीकरण धोखाधड़ी मामले में सोलन पुलिस को एक और सफलता, आठवां आरोपी गिरफ्तार

3
0

भावना ठाकुर,

06 जुलाई / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

पुलिस थाना सदर, सोलन को वाहन पंजीकरण में कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी पहचान का उपयोग कर संगठित धोखाधड़ी के मामले में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस गिरोह के आठवें आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे अब तक पकड़े गए संदिग्धों की संख्या आठ हो गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहुन खान (40 वर्ष) पुत्र हारुन खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से वार्ड नंबर 7, बस स्टैंड के निकट, तहसील एवं जिला नूह (हरियाणा) का निवासी है, लेकिन वर्तमान में सोहना रोड स्थित मकान नंबर B-1373, मारुति कुंज, डीपीएस स्कूल के पास, गुरुग्राम (हरियाणा) में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार सात आरोपियों से की गई पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान यह खुलासा हुआ कि साहुन खान भी इस आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज, जो कूटरचित आईडी के जरिए वाहनों का फर्जी पंजीकरण कराता था, इस काम के लिए एक फर्जी ई-मेल आईडी का इस्तेमाल करता था। यह ई-मेल आईडी आरोपी साहुन खान ने ही बनाई थी। उस पर प्राप्त होने वाले ओटीपी (OTP) सीधे साहुन खान के पास आते थे, जो वह मुख्य आरोपी को उपलब्ध कराता था। इसी ओटीपी के जरिए फर्जी पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी साहुन खान वाहनों की खरीद-फरोख्त के कारोबार से जुड़ा था और इस धंधे में भी वह मुख्य आरोपी की सहायता करता था। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 30 जून 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। एक दिन बाद 1 जुलाई 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा। रिमांड अवधि के दौरान उससे गहन पूछताछ की गई। अब आरोपी न्यायिक हिरासत में है।

सोलन पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। साथ ही, इस संगठित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका, वित्तीय लेन-देन और अन्य तकनीकी एवं दस्तावेजी साक्ष्यों की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले का अन्वेषण अभी समाप्त नहीं हुआ है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here