भावना ठाकुर,
06 जुलाई /सोलन।
आज चामियाना रोड के समीप एक सूखा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे आसपास खड़े चार वाहनों को नुकसान पहुँचा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुँच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए पेड़ को हटाने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने आसपास के रास्तों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वर्षा और तेज़ हवाओं के दौरान सड़क किनारे खड़े सूखे या कमजोर पेड़ों के पास वाहन पार्क करने से परहेज़ करें और सतर्कता व सावधानी के साथ वाहन चलाएँ। किसी भी असुविधा पर ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की भी गुजारिश की गई है।

फिलहाल मौके पर सफाई अभियान जारी है और जल्द ही यातायात पूरी तरह बहाल होने की उम्मीद है।








