Home अध्यात्म राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले के समापन समारोह की...

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की

5
0

– हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बताया प्रदेश की पहचान

भावना ठाकुर,

29 जून / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने रविवार सायं सोलन में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहीं।
राज्यपाल ने जिला प्रशासन एवं शूलिनी मेला समिति को मेले के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शूलिनी मेला केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और गहरी आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने, प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने राज्यपाल को सम्मानित किया। राज्यपाल ने सोलन रेडक्रॉस सोसायटी के नव-नामित आजीवन सदस्यों को बैज प्रदान किए तथा मानव सेवा और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेडक्रॉस से उनका जुड़ाव जिले में स्वैच्छिक सेवा गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाएगा।
राज्यपाल ने इस अवसर पर शूलिनी मेले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
इससे पूर्व राज्यपाल ने सोलन के गंज बाजार स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहीं। विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने राज्यपाल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शूलिनी मेला समिति के सदस्य, रेडक्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here