– रामपुर में 4.35 लाख की कार चोरी के 13 साल पुराने मामले में वारंटी न्यायालय के समक्ष पेश
भूपेंद्र ठाकुर,
22 जून / शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम कामयाबी हासिल की है। आरोपी साबेर दास (47), जो लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया से बच रहा था, आखिरकार पुलिस की निरंतर सक्रियता व सूचना तंत्र के दम पर शनिवार को पकड़ा गया।
यह गिरफ्तारी एफआईआर संख्या 58/2013 (दिनांक 02.04.2013) से जुड़ी है, जो धारा 381 (चोरी, जिसमें नौकर द्वारा स्वामी की संपत्ति चुराना) के तहत रामपुर थाने में दर्ज की गई थी। आरोप है कि साबेर दास ने अपने नियोजक की करीब 4.35 लाख रुपये की कार चोरी कर ली थी।

जांच पूरी होने पर न्यायालय में चालान पेश किया गया, लेकिन सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार अनुपस्थित रहा। कोर्ट की ओर से समन व अन्य कानूनी कार्रवाइयों के बावजूद वह पेश नहीं हुआ। इस पर माननीय एसीजेएम, रामपुर ने 9 मई 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया।
पुलिस की मुहिम रंग लाई
गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं और आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। 22 जून को सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को सोमवार को माननीय एसीजेएम, रामपुर के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस का बयान
जिला पुलिस शिमला का कहना है कि कानून से भागने वाले अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि फरार अपराधियों को हर हाल में गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाया जाएगा, ताकि कानून का शासन मजबूत हो और पीड़ितों को न्याय मिल सके।








