भूपेंद्र ठाकुर,
18 जून / शिमला।
जिला शिमला के थाना रोहड़ू के अंतर्गत आने वाले शलाश डोगरी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक 77 वर्षीय वृद्ध महिला अपने ही घर में मृत पाई गई। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 17.06.2026 को सूचना मिली कि गांव में रहने वाली श्रीमती गीता देवी (आयु करीब 77 वर्ष) की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के लिए आरएफएसएल (Regional Forensic Science Laboratory) की टीम को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
इस मामले में थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 61/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 331(8), 305, 62 और 3(5) के तहत केस पंजीकृत किया है। इस घटना को हत्या का मामला मानकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

शिमला जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वह शांति बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि इस मामले में शामिल दोषियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।








