भावना ठाकुर,
12 जून / सोलन।
सोलन शहर में स्थित राधास्वामी सत्संग व्यास में दिनांक 13 एवं 14 जून 2026 को होने वाले विशाल धार्मिक समागम को देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं के भारी आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यापक एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सोलन के नेतृत्व में एक विशेष रणनीति तैयार की गई है। इसमें जिला पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारी सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाएंगे। इस आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष फोकस रहेगा।

134 जवान संवेदनशील स्थानों पर तैनात
पुलिस ने इस दो दिवसीय समागम के लिए कुल 134 पुलिस जवानों की विशेष एवं रणनीतिक नियुक्ति की है। इन जवानों को विभिन्न संवेदनशील स्थानों, यातायात मार्गों और सत्संग स्थल के आसपास तैनात किया गया है। तैनाती इस तरह से की गई है कि भीड़-प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं भी कोई कमी न रहे।
यातायात और पार्किंग की बनाई गई है व्यवस्था
श्रद्धालुओं के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस बल का विशेष मार्गदर्शन किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है, वहीं पार्किंग व्यवस्था और पैदल मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
अफवाहों पर न ध्यान दें नागरिक – पुलिस का अपील
पुलिस विभाग ने श्रद्धालुओं और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अफवाहों पर ध्यान न दे। यदि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम पुलिसकर्मी को बताएं या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 01792-223836 पर सूचना दें।

शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जनता से सहयोग का अनुरोध
सोलन शहर की जनता से भी आग्रह किया गया है कि वे इस धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस के अनुसार, प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से ही कार्यक्रम को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाया जा सकता है।








