भूपेंद्र ठाकुर,
06 जून / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रोहड़ू की डिटेक्शन सेल ने एक अहम सफलता हासिल की है। 18 मई 2026 को गश्त के दौरान माखीनाला क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की में छिपाकर रखे कैरी बैग से 509 ग्राम चरस बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 52/2026 दर्ज कर दो आरोपियों – जितेंद्र ठाकुर (27) और राजन ठाकुर (25), दोनों निवासी लोअर खलीनी, शिमला – को गिरफ्तार किया गया। उन पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गहन जांच और स्रोत व आपूर्ति श्रृंखला (बैकवर्ड लिंकेज) की पड़ताल में पुलिस ने मुख्य सप्लायर की पहचान कर ली। महेंद्र सिंह (54), पुत्र विजय नंद, निवासी गांव गोकस्वारी, डाकघर गांवसारी, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला को 3 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 3 दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस मामले में और गहन छानबीन कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।








