भूपेंद्र ठाकुर,
05 जून / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने अभियोग संख्या 36/2026 में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करते हुए अंतर-राज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
गौरतलब है कि 13 मई 2026 को स्पेशल सेल शिमला ने गुप्त सूचना के आधार पर भट्टाकुफ्फर क्षेत्र से एक वाहन से करीब 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने निखिल ठाकुर (32, निवासी रिड़का, चौड़ा मैदान) और सुलभ थापा (25, निवासी टुटीकण्डी, शिमला) को गिरफ्तार किया था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेजेज के तहत चंडीगढ़ निवासी आकाश (पुत्र जय कंवर) को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में निखिल और आकाश के बीच वित्तीय लेन-देन के सुराग मिले, जिसके बाद पुलिस मुख्य सप्लायर तक पहुंची।
अब 4 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी बॉबी (28, पुत्र जय कंवर, निवासी फेस-1, राम दरबार इंडस्ट्रियल एरिया, चंडीगढ़) को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। बॉबी इस मामले में वांछित चल रहा था और लगातार फरार था। तकनीकी विश्लेषण और गहन प्रयासों के बाद उसे दबोचा गया।
जांच में बॉबी और निखिल ठाकुर के बीच साझा नशा तस्करी और वित्तीय लेन-देन के ठोस सबूत मिले हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब तक इस मामले में कुल चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। शिमला पुलिस ड्रग सप्लायर्स और अंतर-राज्यीय सप्लाई नेटवर्क्स के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखे हुए है।








