भूपेंद्र ठाकुर,
19 मई / शिमला।
हिमाचल प्रदेश में पिछले चार दिनों से मौसम साफ रहने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मैदानी जिलों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान कई मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2 से 7 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान ऊना रहा, जहाँ पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। वहीं नेरी में 41.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। राज्य के अधिकांश स्टेशनों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। शिमला में तेज धूप के साथ हल्के बादल छाए रहे, जिससे यहाँ भी गर्मी बढ़ी है।
मौसम विभाग ने 21 मई तक प्रदेश के कुछ भागों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं, और दिनभर पसीने से तरबतर रहते हैं।
वहीं, राहत की उम्मीद भी जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 से 25 मई के बीच बारिश की संभावना है। विशेषकर 22 मई को मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। हालाँकि, अगले 2-3 दिनों तक राज्य के कई भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की और वृद्धि होने का अनुमान है। इसके बाद बारिश की सक्रियता से कई इलाकों में तापमान गिरने के आसार हैं।









