भावना ठाकुर,
10 मई/सोलन।
सोलन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (HRA) के चुनावों में जगमोहन ठाकुर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, धीरज चौधरी को महासचिव और जतिन साहनी को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों सहित स्थानीय लोगों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
जगमोहन ठाकुर का प्रोफाइल काफी समृद्ध रहा है। वे भारतीय नौसेना में 20 वर्षों की सेवा के पश्चात वर्ष 2017 में सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद 2018 में उन्होंने हेवेंस रिट्रीट रिसोर्ट का निर्माण कराया और वर्तमान में इस पसंदीदा रिसोर्ट के प्रबंधक निदेशक (Managing Director) के रूप में कार्यरत हैं। वर्ष 2021 से 2025 तक वे पंचायती राज में उप प्रधान पद पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत शमरोड़ में तन, मन, धन से कार्य कर पंचायत को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं।
बताया जाता है कि जगमोहन ठाकुर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा से जुड़े हैं, लेकिन पंचायत स्तर पर उन्हें ‘गरीबों का मसीहा’ कहा जाता है। उन्होंने कभी भी किसी राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति विशेष को अपनी कार्यशैली में दखल नहीं दिया। खास बात यह रही कि 5 वर्षों में पंचायती राज से जितना भी मानदेय उन्हें मिला, वह सब गरीबों की सहायता में दान कर दिया। यही कारण है कि वे सोलन में हमेशा लोगों की पहली पसंद रहे हैं।
उनके दूरदर्शी नेतृत्व की झलक अब HRA के माध्यम से सोलन के पर्यटन क्षेत्र में देखने को मिलेगी। एक निजी बातचीत में जगमोहन ठाकुर ने बड़ी योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देश के प्रतिष्ठित ट्रैवल एजेंट्स को सोलन आने का न्यौता भेजा जाएगा और लगातार ‘फैम ट्रिप’ (प्रेक्षण यात्रा) का आयोजन किया जाएगा।
सबसे अहम बात यह है कि अब सोलन में भी मनाली और शिमला की तर्ज पर ‘विंटर कार्निवल’ आयोजित करने की तैयारी है। जगमोहन ठाकुर के अनुसार, एसोसिएशन इस संबंध में जल्द ही सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस आयोजन से सोलन में पर्यटकों का फुटफॉल बढ़ेगा और शहर के हर वर्ग के व्यापार में उछाल आएगा।
शुभकामना संदेशों में कहा गया है कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपने अनुभव, मेहनत और दूरदर्शी नेतृत्व से HRA सोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। लोगों ने आशा जताई है कि नए नेतृत्व में HRA सोलन व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को सशक्त बनाएगा और विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।









