भूपेंद्र ठाकुर,
21 अप्रैल/शिमला।
“नशा मुक्त हिमाचल” के संकल्प को साकार करने के लिए शिमला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना रामपुर की पुलिस टीम ने भराखड़, निराथ के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी में उसके कब्जे से 9.31 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान गुरजीत सिंह (24 वर्ष) पुत्र बग्गा सिंह के रूप में हुई, जो महादेव कॉलोनी, डाकघर सूरजपुर, रायपुर सियूड़ी, कालका (पंचकूला), हरियाणा का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रामपुर में धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग संख्या 41/26 दिनांक 21.04.2026 दर्ज कर उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।









