भूपेंद्र ठाकुर,
16 अप्रैल/शिमला।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के थाना चिड़गांव क्षेत्र के अंतर्गत बडियारा स्थित एक वाइन शॉप पर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। मौके से कुल 40 बोतल आईएमएफएल, 7 बोतल देशी शराब, 12 बोतल बीयर, 16 पिंट आईएमएफएल, 24 पिंट देशी शराब और 41 निप देशी शराब जब्त की गई।
सहायक आयुक्त आबकारी, रामपुर सर्किल की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने अभियोग संख्या 31/26 दर्ज करते हुए आरोपी निखिल मेहता पुत्र रमेश मेहता, ग्राम खिलाड़गी, डाकघर चकोटी, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास शराब का कोई वैध परमिट या पास नहीं था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वाइन शॉप का लाइसेंस 31 मार्च 2025 को ही समाप्त हो चुका था।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(A) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।









