भावना ठाकुर/सोलन।
स्थानीय गड़खल क्षेत्र के ग्रानर स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में अष्टमी और नवमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाबा बालक नाथ जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
हर नवरात्रि की भांति इस बार भी मंदिर परिसर में भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा का आशीर्वाद लेने के बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में सेवारत पुजारी विजय चौहान ने बताया कि नवरात्र के इन पावन अवसरों पर बाबा बालक नाथ जी भक्तों को साक्षात दर्शन देते हैं।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस मंदिर में दिल से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। विशेषकर संतान सुख की कामना लेकर आने वाले हजारों दंपतियों को यहां से आशीर्वाद मिला है। माना जाता है कि अब तक असंख्य श्रद्धालुओं को संतान प्राप्ति का सुख इस मंदिर की कृपा से प्राप्त हुआ है।
पुजारी विजय चौहान के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत पालन किया गया। पूरे मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां सभी ने बाबा बालक नाथ जी की आराधना की।









