Home मौसम हिमाचल में मौसम का बदला मिजाज: रोहतांग दर्रे पर हिमपात, शिमला में...

हिमाचल में मौसम का बदला मिजाज: रोहतांग दर्रे पर हिमपात, शिमला में ओलावृष्टि, 30 सड़कें बंद

28
0

भूपेंद्र ठाकुर/शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। रोहतांग दर्रा, लाहौल और मनाली की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि कुल्लू में तेज हवाओं के साथ बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। राजधानी शिमला में शाम को हल्की ओलावृष्टि देखी गई।

राजधानी शिमला में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दिन में धूप खिली। शाम होते ही मौसम ने करवट बदली और शहर में ओलावृष्टि हुई। वहीं, अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू में पर्यटक बर्फ के गिरते फाहों के बीच मस्ती करते नजर आए। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सोमवार को अटल टनल से कोकसर की ओर बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है।

कुल्लू और चंबा में बारिश-बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त
कुल्लू जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बारिश और बर्फबारी के चलते जिले में 30 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 15 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए हैं। जिला चंबा में सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद जिला मुख्यालय में बारिश शुरू हो गई। वहीं, जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी की ऊंची चोटियों में पांच-पांच सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान: येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। 26 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जगहों पर बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 और 28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 29 मार्च को फिर से बादल बरस सकते हैं।

प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान मौसम का अपडेट लेने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here