Home मौसम हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज: बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से बढ़ी...

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज: बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, ऑरेंज अलर्ट जारी

14
0

भूपेंद्र ठाकुर/शिमला।

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम ने करवट बदली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। प्रदेश के कई क्षेत्रों में हुई बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के बाद एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए चेतावनी जारी कर दी है।

Jeevan Ayurveda Clinic

प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। किन्नौर, शिमला, लाहौल-स्पीति, मंडी और चंबा के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात हुआ, वहीं कई मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 19 मार्च को अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि प्रदेश भर में 21 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है।

बर्फबारी से यातायात प्रभावित

रविवार को हुई भारी बर्फबारी के चलते जिला कुल्लू में 10,280 फीट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी दर्रा बंद हो गया। हाईवे-305 पर बर्फ जमा होने से यातायात ठप हो गया, जिससे एचआरटीसी की तीन और एक निजी बस फंस गई। इसके अलावा, जिला मुख्यालय से 69 पंचायतों का संपर्क कट गया, जहां करीब दस सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। शिमला के नारकंडा में भी बर्फ गिरी, जबकि कुफरी में ओलावृष्टि हुई।

किसानों और बागवानों को झटका

जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र की कई पंचायतों में रविवार दोपहर बाद बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। मटर की फसल के साथ-साथ आड़ू के बागों को भी क्षति पहुंची है। धार्मिक स्थल शिकारी देवी में 7 सेंटीमीटर और शैटाधार में 5 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी। किन्नौर के नाको सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि रिकांगपिओ, कल्पा और सांगला में देर शाम तक बारिश जारी रही। शिमला के नारकंडा, हाटू पीक, कोटखाई, श्राईकोटी के अलावा रामपुर जैसे निचले क्षेत्रों में भी बारिश हुई।

धौलाधार और चंबा में बर्फबारी

चंबा जिले के मणिमहेश क्षेत्र की कैलाश, कुगति, चौबिया, दरुणी और काली छौ जैसी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। वहीं, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ। मनाली-लेह मार्ग पर धुंधी से अटल टनल तक बर्फबारी के कारण फिसलन बढ़ गई, जिसके चलते पुलिस ने साधारण वाहनों को सोलंगनाला में रोक दिया और केवल फोर-बाई-फोर वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी।

मैदानी इलाकों में हल्की बारिश

ला हमीरपुर और ऊना में रविवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। धौलाधार की पहाड़ियों पर हिमपात हुआ, जबकि निचले क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। हालांकि, मैदानी इलाकों में पर्याप्त बारिश न होने से किसान और बागवान निराश हैं, क्योंकि गेहूं की फसल और फलदार पौधों के लिए इस समय अच्छी बारिश की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here