
हिमाचल समय, सोलन, 02 सितम्बर।
कसौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोट के राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोट के भवन में बारिश के कारण दरारें आ गई है और स्कूल भवन के लिए खतरा हो गया है।
चंबा-भरमौर मार्ग बहाली में लगेगा 10 दिन का वक्त, चंबा ज़िला में 1100 करोड़ रुपये का नुकसान
सोमवार को स्थानीय पंचायत प्रधान राजा राम ठाकुर की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा से मिला और उन्होंने स्कूल की हालत के बारे में उपायुक्त को अवगत करवाया।
उन्होंने स्कूल को असुरक्षित घोषित करने की मांग उठाई, जिससे यहां बच्चों को खतरा न हो। वहीं उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही वह शिक्षा व लोक निर्माण विभाग की टीम को स्कूल का निरीक्षण कर उसकी व्यवस्था जांचने के लिए कहेंगे।
पंचायत प्रधान राजा राम ने बताया कि यह क्षेत्र का एकमात्र प्राचीन स्कूल है। यह स्कूल छह दशकों से चल रहा है। जिसमें वर्तमान में 80 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
इस स्कूल में आसपास के एक दर्जन गांव के विद्यार्थी आते हैं। वहीं यहां से अन्य स्कूलों की दूरी करीब छह से सात किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि अब स्कूल भवन खतरे की जद में आ गया है।
जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। रास्ता तक खराब हो गया है। वहीं स्कूल भवन कभी भी ध्वस्त हो सकता है। इसमें अभिभावक अब बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई कि जल्द स्कूल को असुरक्षित घोषित कर अन्य जगह पर बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था की जाए ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण युवक मंडल कोट के प्रधान कुलदीप ठाकुर, भूमि दत्त शर्मा, जोगेंद्र शर्मा, कमलेश ठाकुर, लोमेश शर्मा, संजीव ठाकुर, कपिल ठाकुर व सुरेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।
ताज़ा खबरों के लिए जोड़े www.himachalsamay.com





