भूपेंद्र ठाकुर,
20 नवंबर / शिमला।
शिमला पुलिस द्वारा जिले में चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 के दौरान नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान को और सघन करते हुए पुलिस ने अभियोग दर्ज करने, संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी तथा चिट्टा बरामदगी के मामले में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2026 में जिला शिमला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 317 अभियोग दर्ज कर 630 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष 2025 में 246 अभियोगों में 451 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में 227 अभियोग दर्ज कर 559 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई थी। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में एनडीपीएस मामलों में 30 प्रतिशत तथा गिरफ्तार व्यक्तियों की संख्या में 40 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। यह नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध शिमला पुलिस की सघन एवं प्रभावी कार्रवाई को दर्शाता है।

चिट्टा/हेरोइन की बरामदगी के मामले में भी वर्ष 2026 में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में 2.3 किलोग्राम, वर्ष 2024 में 2.7 किलोग्राम तथा वर्ष 2025 में 1.7 किलोग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया था। इसके विपरीत, वर्ष 2026 में अब तक कुल 5.8 किलोग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया है, जो वर्ष 2025 की तुलना में 240 प्रतिशत वृद्धि है। शिमला पुलिस की कार्रवाई केवल नशे की छोटी खेपों की बरामदगी अथवा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार की सप्लाई चेन एवं इससे जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।








