भावना ठाकुर,
18 नवंबर / सोलन।
नगर निगम सोलन द्वारा आज प्रातः 6:30 बजे शहर के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में अधिकारी, कर्मचारी, सफाई पर्यवेक्षक एवं सफाई कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

अभियान के तहत शहर के सभी वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, बाजारों, पार्कों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मचारियों द्वारा कूड़े-कचरे का उठाव, सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए।
नगर निगम आयुक्त ने स्वयं अभियान में भाग लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाए रखा जाए तथा प्रत्येक वार्ड में सफाई कार्य की उचित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई कि वे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं।
नगर निगम सोलन द्वारा शहर की स्वच्छता, सुंदरता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।






