भावना ठाकुर,
02 नवंबर / सोलन।
भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने वर्ष 1984 में देश में हुए सिख नरसंहार की 42वीं बरसी पर उन सभी निर्दोष लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने उस दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक दौर में अपनी जान गंवाई थी। मंडल ने कहा कि यह घटना भारतीय इतिहास में मानवता पर लगा एक ऐसा काला धब्बा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा सोलन शहरी मंडल ने इस अमानवीय और नृशंस हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि धर्म और समुदाय के आधार पर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य और शर्मनाक है।

मंडल ने कहा कि उस दौर में हजारों परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया, अनेक महिलाओं ने अपना सुहाग और बच्चों ने अपने माता-पिता खोए। उन परिवारों का दर्द आज भी देश की सामूहिक स्मृति में जीवित है। मंडल का मानना है कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में हिंसा, नफरत और सांप्रदायिक उन्माद के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना लोकतंत्र तथा कानून के शासन की जिम्मेदारी है।
इस दुखद अवसर पर हम सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। आइए, हम संकल्प लें कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे।






