भूपेंद्र ठाकुर,
01 नवंबर / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने 915 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस को दिनांक 10 जून 2026 को रात्रि लगभग 10:20 बजे गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कादरघाट से नौटीखड्ड की ओर लगभग 2 किलोमीटर आगे सड़क किनारे खड़ी एक ऑल्टो कार में दो व्यक्ति अवैध रूप से अफीम की बिक्री के उद्देश्य से मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार की तलाशी ली, जिसमें डैशबोर्ड से 915 ग्राम अफीम (पॉलिथीन सहित) बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना सुन्नी में एफआईआर संख्या 23/2026, दिनांक 11.06.2026, धारा 18 एवं 29 ND&PS Act के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
मामले में पुलिस द्वारा मौके पर दिनेश कुमार उर्फ दुर्गा सिंह (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्री देव सहाय, निवासी गांव भोग, डाकघर भोगड़ा, तहसील ठियोग, जिला शिमला (हि.प्र.) तथा धर्मेंद्र कुमार हिमराल (35 वर्ष) पुत्र श्री लायक राम, निवासी गांव बनूना, डाकघर गढ़ेरी, तहसील सुन्नी, जिला शिमला (हि.प्र.) को गिरफ्तार किया गया था।
मामले की जांच के दौरान नशे की आपूर्ति से जुड़े पिछले संपर्कों की जांच करते हुए पुलिस ने तीसरे आरोपी की संलिप्तता का पता लगाया। इसी क्रम में दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को सायं पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मटियाना बाजार से तीसरे आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोटू (43 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्री दिला राम, निवासी गांव छराई, डाकघर शड़ी, तहसील ठियोग, जिला शिमला (हि.प्र.) को गिरफ्तार किया। इस प्रकार उक्त मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामले में आगामी अन्वेषण जारी है तथा नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है। जिला शिमला पुलिस नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।






