भूपेंद्र ठाकुर,
24 अक्टूबर / शिमला।
नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध शिमला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के पास एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 23.10.2026 को शोघी के समीप हरियाणा रोडवेज की एक बस की चेकिंग की गई, जिसके दौरान लगभग 17 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान पंकज शर्मा (24 वर्ष), निवासी सुन्नी, जिला शिमला के कब्जे से लगभग 9 ग्राम तथा पियूष चौहान (21 वर्ष), निवासी सुन्नी, जिला शिमला के कब्जे से लगभग 8 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 225/2026 दिनांक 23.10.2026, धारा 21 एवं 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। पुलिस टीम द्वारा नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य सूत्रों की भी पड़ताल की जा रही है।








