भावना ठाकुर,
24 अक्टूबर / सोलन।
जिला सोलन के कुनिहार क्षेत्र में स्थित देव कुरगन मंदिर में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुलझा लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना कुनिहार में दर्ज एफआईआर संख्या 53/2026 के तहत जांच कर रही पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी गई नकदी भी बरामद कर ली है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को श्री ललित मोहन ठाकुर, निवासी कुनिहार, ने थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को दिन के समय किन्हीं अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गांव कोठी स्थित देव कुरगन मंदिर में प्रवेश करके मंदिर में रखे दानपात्र से लगभग ₹7,000 की नकदी चोरी कर ली गई। इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305(a) के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना कुनिहार की पुलिस टीम ने चोरी की गई नकदी की बरामदगी और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। अन्वेषण के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप आरोपी खेम चन्द पुत्र स्वर्गीय श्री किरपा राम, निवासी गांव तंगड़ी, डाकखाना भारती, तहसील एवं जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 62 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी से संबंधित कार्रवाई के दौरान चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।








