भूपेंद्र ठाकुर,
16 सितंबर / शिमला।
शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 84/2026 में Backward Linkages के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 28.08.2026 को पुलिस थाना ढली की टीम द्वारा गश्त एवं अपराध की रोकथाम के दौरान भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर एक टैक्सी/कार को चेक किया गया। वाहन में चालक सीट पर बैठे दुष्यंत वर्मा पुत्र श्री कृष्ण चंद वर्मा, निवासी सुन्नी, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, आयु 25 वर्ष तथा उसके साथ अगली सीट पर बैठे अक्षय शर्मा पुत्र श्री नरेश शर्मा, निवासी आनी, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश, आयु 24 वर्ष पाए गए। तलाशी के दौरान 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 84/2026 अधीन धारा 21, 29 NDPS Act पंजीकृत किया गया तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मामले की आगामी जांच में Backward Linkages को खंगालते हुए पुलिस टीम द्वारा नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत का पता लगाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि अजय कुमार उक्त नशीले पदार्थ का मुख्य सप्लायर था, जिसने हेरोइन/चिट्टा पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से प्राप्त किया था तथा बाद में मोहाली में अक्षय शर्मा को सप्लाई किया था।
जांच के दौरान दोनों के बीच ₹10,500/- के वित्तीय लेन-देन का भी पता चला है। इसके अतिरिक्त दोनों के बीच हुई फोन कॉल डिटेल्स से भी उनके आपसी संपर्क तथा नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त से संबंधित कड़ियां सामने आई हैं।
Backward Linkages के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना ढली की अन्वेषण टीम को पंजाब भेजा गया, जहां दिनांक 14.09.2026 को गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब में अजय कुमार पुत्र श्री बलविन्द्र सिंह, निवासी जिला फाजिल्का, पंजाब, आयु 24 वर्ष को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर उसका 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।








