भावना ठाकुर,
10 अक्टूबर / कुनिहार (सोलन)।
कुनिहार, 10 अक्टूबर 2026। गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), पंचकूला के तत्वावधान में ‘एक्टिव लर्निंग’ (डोमेन-2) विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। देवेंद्रा गुमरा एवं ज्योति भगत ने रिसोर्स पर्सन के रूप में शिक्षकों को विद्यार्थी-केंद्रित एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी। विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों ने सक्रिय अधिगम के महत्त्व एवं कक्षा-कक्ष में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को समझा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्का भारद्वाज ने दोनों रिसोर्स पर्सन का फ्लावर पॉट भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सक्रिय अधिगम विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन एवं आत्मविश्वास विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग एवं अदिति गर्ग ने शिक्षक प्रशिक्षण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ तथा इसने नवीन, संवादात्मक और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।








