भावना ठाकुर,
10 अक्टूबर / सोलन।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में आज कौशल मेला, विज्ञान परियोजना प्रदर्शनी एवं स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न गतिविधियों का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, नवाचार और आत्मविश्वास की आकर्षक झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंतर्गत बाल वाटिका से पाँचवीं कक्षा तक के नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली समझाई, जिसे देखकर अभिभावक बेहद प्रभावित हुए। कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने वेस्ट मटेरियल से उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुएँ बनाकर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित की। वहीं, कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान परियोजनाओं, कार्यशील मॉडलों तथा विभिन्न कौशल-आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी तकनीकी समझ और नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ये गतिविधियाँ नई शिक्षा नीति 2020 एवं सीबीएसई की कौशल-आधारित शिक्षा की भावना के अनुरूप रहीं।
कौशल मेले के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अन्य गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए दंत परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य जाँच की व्यवस्था की गई। चिकित्सकों ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सागरिका बख्शी ने सभी अभिभावकों का कार्यक्रम में उपस्थित होने और विद्यालय के प्रयासों में सहभागी बनने के लिए हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मनिर्भरता, नवाचार और अभिव्यक्ति के कौशल विकसित करती हैं।
अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रचनात्मक, कुशल, आत्मविश्वासी एवं स्वस्थ नागरिक बनाना भी है।








