Home क्राइम जिला शिमला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, महिलाओं की आंखों में मिर्च...

जिला शिमला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आभूषण लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

6
0

भूपेंद्र ठाकुर,

06 अक्टूबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आभूषण छीनने की तीन अलग-अलग वारदातों को जिला शिमला पुलिस ने सुलझा लिया है। इन मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान जेल सिंह पुत्र श्री करण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।

पहली वारदात दिनांक 31.08.2026 को प्रकाश में आई, जब FIR No. 69/2026 धारा 304(2) BNS के तहत श्रीमती सीमा देवी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार जुब्बड़ के पास रास्ते में एक व्यक्ति ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गया। इसी तरह दूसरी घटना दिनांक 14.09.2026 को FIR No. 71/2026 धारा 304(2) BNS के तहत श्रीमती सुनो देवी की शिकायत पर दर्ज हुई, जिसमें आरोपी ने कंडयाली के पास रास्ते में पीड़िता की आंखों में मिर्च डालकर उसके दोनों कानों की सोने की बालियां छीन लीं। तीसरी वारदात दिनांक 26.09.2026 को FIR No. 72/2026 धारा 304(2) BNS के तहत श्रीमती कनकु की शिकायत पर दर्ज की गई, जिसमें आरोपी लगातार तीन दिनों तक पीड़िता के ढाबे पर आता रहा और 26.09.2026 को पीड़िता के अकेले होने का फायदा उठाकर उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले में पहना मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।

अन्वेषण के दौरान तीनों मामलों में आरोपी के कार्य करने के तरीके में स्पष्ट समानता सामने आई। जांच से यह तथ्य उजागर हुआ कि आरोपी ने वारदातों को योजनाबद्ध एवं सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। वह वारदात से कई दिन पूर्व घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र की रेकी करता था तथा पीड़ित महिलाओं की आवाजाही और उनके आवागमन के मार्ग का जायजा लेता था। इसके बाद वह ऐसे समय और स्थान का इंतजार करता था जब पीड़ित महिला सुनसान एवं अपेक्षाकृत एकांत पगडंडी पर अकेली हो। उपयुक्त अवसर मिलते ही आरोपी महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसे असहाय कर देता था और उसके पहने हुए सोने के आभूषण छीनकर मौके से फरार हो जाता था। तीनों वारदातों में अपनाई गई इस समान कार्यप्रणाली से आरोपी द्वारा वारदातों की पूर्व-योजना एवं सुनियोजित तरीके से उनके निष्पादन की पुष्टि होती है।

आरोपी अपनी पहचान एवं गतिविधियों को छिपाने तथा पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार सावधानी बरतता था। वह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचते हुए सुनसान एवं एकांत स्थानों का चयन कर वारदातों को अंजाम देता था। इसके बावजूद जिला शिमला पुलिस द्वारा तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार किए गए प्रयासों और गहन जांच के परिणामस्वरूप आरोपी की पहचान स्थापित कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।

कुमारसैन पुलिस द्वारा तीनों वारदातों को आपस में जोड़ते हुए घटनाओं के समान तरीके का विश्लेषण तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी इनपुट तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी की लोकेशन नूरपुर की होनी पाई गई, जिस पर नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपी जेल सिंह को दिनांक 05.10.2026 को हिरासत में लिया गया तथा उसे पुलिस थाना कुमारसैन लाया गया। इसके पश्चात तीनों मामलों की पीड़िताओं एवं शिकायतकर्ताओं द्वारा आरोपी की पहचान की गई।

आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना सिहुंता, जिला चंबा में FIR No. 16/2026 दिनांक 05.03.2026, धारा 304(2) BNS के तहत स्नैचिंग की वारदात के संबंध में अभियोग दर्ज है। पुलिस की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से तीन अलग-अलग घटनाओं में शामिल संदिग्ध आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले में जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here