भावना ठाकुर,
04 अक्टूबर / सोलन।
हिमाचल किसान सभा की जिला कमेटी सोलन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में जिला कमेटी के 30 सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने किसान सभा की स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान तक की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों, प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और बीज विधेयक (Seed Bill) की कड़ी आलोचना की।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें नितिश ठाकुर, एडवोकेट को अध्यक्ष, पी.एल. वर्मा को सचिव, मनोहर मेहता को कोषाध्यक्ष, चंद्र दत्त शर्मा एवं टेक चंद को संयुक्त सचिव, अशोक वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा केशव, विकास ठाकुर और रूप सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें टमाटर और लहसुन के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना की मांग, टमाटर एवं अन्य सब्जियों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की व्यवस्था, हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट, 1972 की धारा 118 के उल्लंघन और किसानों की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, प्रस्तावित FTA और बीज विधेयक का विरोध तथा किसान विरोधी सरकारी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का संकल्प शामिल है।
सम्मेलन में पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार किसानों की मांगों को नहीं मानती तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








