भावना ठाकुर,
25 सितंबर / सोलन।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सोलन में आज दिनांक 25 सितम्बर, 2026 को रोटरी क्लब सोलन, रोटरी मिडटाउन सोलन तथा रेड रिबन क्लब, राजकीय आई0टी0आई0 सोलन के संयुक्त तत्वावधान में क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन के ब्लड बैंक की चिकित्सा टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

यह रक्तदान शिविर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रीता कालरा के नेतृत्व में आयोजित विशेष अभियान का हिस्सा था, जिसके अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट 3080 के लगभग 140 रोटरी क्लबों द्वारा एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
रक्तदान शिविर का शुभारम्भ संस्थान की प्रधानाचार्या ई0 नवीन कुमारी द्वारा किया गया। शिविर में कुल 32 स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया, जिनमें से 26 प्रशिक्षु राजकीय आईटीआई सोलन के थे। प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के प्रतिनिधि के रूप में पंचकूला से पंकज विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोटरी मिडटाउन सोलन की अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. माया आहूजा, रोटरी क्लब सोलन के अध्यक्ष डॉ. संजीव उप्पल, सचिव डॉ. धर्मेंद्र बी.सी. सहगल, रोटेरियन वीरेंद्र साहनी, परियोजना अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा, डॉ. उपेन्द्र कौल सहित दोनों क्लबों के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लबों के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन के ब्लड बैंक की चिकित्सक एवं तकनीकी टीम को सम्मानित कर उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने राजकीय आईटीआई सोलन की प्रधानाचार्या ई0 नवीन कुमारी, वर्ग अनुदेशक कर्मजीत सिंह तथा फार्मासिस्ट रेनू वर्मा का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से रक्तदान शिविर का सफल आयोजन संभव हो सका।
रोटरी क्लब सोलन एवं रोटरी मिडटाउन सोलन के प्रतिनिधियों ने राजकीय आई0टी0आई0 सोलन द्वारा उपलब्ध कराए गए सहयोग एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे मानवीय कार्य समाज में सेवा एवं जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं की सक्रिय भागीदारी की भी प्रशंसा की और इसे युवा शक्ति की सामाजिक सरोकारों के प्रति सकारात्मक सोच का प्रतीक बताया।
संस्थान की ओर से रक्तदान शिविर के सफल आयोजन हेतु रोटरी क्लब सोलन, रोटरी मिडटाउन सोलन तथा क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन के ब्लड बैंक की चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया गया।








