भावना ठाकुर,
18 सितंबर / सोलन।
18 सितंबर 2026 — Public Policy India (PPI) और L.R. Group of Institutes ने Ministry of Youth Affairs and Sports तथा MY Bharat के सहयोग से सोलन, हिमाचल प्रदेश में ‘विकसित भारत यंग लीड्स डायलॉग 2026 – यंग प्रोफेशनल्स राउंडटेबल’ का आयोजन किया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से प्रेरित इस राउंडटेबल का केंद्रीय विषय ‘विकसित भारत के लिए भविष्य-सक्षम कार्यबल का निर्माण’ रहा।

चर्चा की शुरुआत VBYLD 2026 के प्रस्तुतकर्ता विराज सूद के युवा प्रस्तुतीकरण से हुई। उन्होंने भारत के जनसांख्यिकीय लाभांश को उत्पादकता लाभांश में बदलने के लिए सामुदायिक कौशल प्रयोगशालाओं, ग्राम कौशल बैंक और फ्यूचर स्किल्स पार्क का सुझाव दिया।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. (प्रो.) कुलभूषण चंदेल ने शिक्षा को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप ढालने तथा केवल ज्ञान नहीं, बल्कि क्षमता, नैतिकता और मूल्यों के निर्माण पर बल दिया। कंटेंट फैक्ट्री की संस्थापक एवं सीईओ रितिका सिंह ने युवाओं से चरित्र, चुनौतियों से निपटने की क्षमता और विश्वसनीय व्यक्तिगत छवि गढ़ने का आग्रह किया।
Public Policy India एवं STRIDE के संस्थापक यश अग्रवाल ने युवाओं को भारत में ही करियर बनाने, इंटर्नशिप से अनुभव अर्जित करने और AI से अप्रभावित मानवीय कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। एल.एल.आर. एजुकेशनल ट्रस्ट की प्रबंध निदेशक डॉ. (एच.सी.) साहिल सिंह ने स्कूल, ITI और विश्वविद्यालयों में मानवीय मूल्यों को पाठ्यक्रम में शामिल करने की वकालत की।
इस अवसर पर MY Bharat सोलन के जिला युवा अधिकारी भूपेंद्र सिंह गिल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विभागाध्यक्ष डॉ. निशा शर्मा, डॉ. कंचन बाला जसवाल, डॉ. श्वेता संधू और डॉ. अवनीत गुप्ता तथा रजिस्ट्रार सूरत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति प्राप्त हुई।
संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने भविष्य के कौशल, ग्रामीण स्तर पर कौशल विकास और शिक्षा-रोजगार के अंतर पर चर्चा की। वक्ताओं ने एकमत से कहा कि केवल कौशल पर्याप्त नहीं — विकसित भारत 2047 के लिए अनुशासन, सहानुभूति, ईमानदारी और आजीवन सीखने की भावना अनिवार्य है।








