– फोरेंसिक टीम जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, एसआईटी गठन की संभावना
अनूप ठाकुर,
18 अगस्त / पांवटा साहिब (सिरमौर)।
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब शहर में तड़के एक जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां के व्यस्ततम विश्वकर्मा चौक पर करीब ढाई से तीन बजे के बीच अज्ञात हमलावरों ने एक सब्जी व्यापारी की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी और दहशत का माहौल है

मृतक की पहचान भाव सिंह (पुत्र सही राम) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव आवत, पोस्ट ऑफिस कोटी उतरू, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर का रहने वाला था। भाव सिंह रोजाना शाम को सब्जी लेने पांवटा साहिब आता था और तड़के ही सब्जियां लेकर शिलाई के बाजारों में सप्लाई करने निकल जाता था।
मृतक के भतीजे ने बताया कि उसके चाचा की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, जो उनके लिए जानलेवा साबित हो सके। उसने पुलिस को बताया, “चाचा रोज की तरह सब्जी लेने आए थे। हमें नहीं पता कि किसने और क्यों उन पर इतना बड़ा हमला किया।”
कैसे हुई वारदात?
पुलिस जांच के अनुसार। अज्ञात हमलावरों ने विश्वकर्मा मंदिर के समीप स्थित नगर परिषद की बंद पार्किंग के अंदर भाव सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। उनके गले पर चाकू के दो गहरे निशान पाए गए हैं।
गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी भाव सिंह ने जान बचाने की कोशिश की। वह पार्किंग की सीढ़ियों से भागता हुआ छत पर आया और वहां से एनएच-07 पर स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास पहुंचा। हालांकि, ज्यादा खून बह जाने के कारण वह मंदिर के गेट के पास सड़क पर ही गिर पड़ा। पार्किंग, सीढ़ियों, छत और सड़क पर खून के निशान मिले हैं, जो इस बात की गवाही देते हैं कि मौत से पहले व्यापारी ने कड़ा संघर्ष किया।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत भाव सिंह को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। मामले की गहन जांच के लिए जुंगा स्थित फोरेंसिक लैब से विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने खून के धब्बों और अन्य साक्ष्यों को इकट्ठा किया है।

पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का पता लगाया जा सके। पुलिस की कई टीमें विभिन्न एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।
स्थानीय डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। हम सभी पहलुओं पर काम कर रहे हैं। जांच में अगर जरूरत पड़ी तो मामले की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच दल) का भी गठन किया जाएगा। हमें जल्द ही हमलावरों के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है।”






