– यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों एवं सिविल वालंटियर्स को किया गया सम्मानित
भूपेंद्र ठाकुर,
28 जून / शिमला।
ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के दौरान शिमला में पर्यटकों की अभूतपूर्व आमद के बावजूद शिमला पुलिस ने सुव्यवस्थित एवं सक्रिय यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया है। सीमित सड़क क्षमता वाले पहाड़ी शहर में मई एवं जून 2026 के दौरान अब तक विभिन्न प्रवेश मार्गों से 18.5 लाख से अधिक वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया है। इनमें मई माह में लगभग 8.5 लाख तथा जून माह में अब तक लगभग 10 लाख वाहन शामिल हैं।

बढ़ते यातायात दबाव के दृष्टिगत ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों की संख्या 136 से बढ़ाकर 265 की गई। इसके अतिरिक्त लगभग 50 स्वयंसेवकों तथा 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स की तैनाती की गई, जिससे यातायात बाधाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित हो सका।
इस वर्ष यातायात प्रबंधन की रणनीति का प्रमुख आधार विकेन्द्रीकृत फील्ड कमांड रहा। पूरे शहर को पाँच सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर का दायित्व एक ग्रेड-वन अधिकारी को सौंपा गया। इन अधिकारियों ने केवल पर्यवेक्षण ही नहीं किया, बल्कि स्वयं सड़क पर उपस्थित रहकर यातायात संचालन का नेतृत्व किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा भी लगातार फील्ड विजिट कर स्थिति की समीक्षा की जाती रही तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लेकर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
यातायात बाधित होने की किसी भी स्थिति में सेक्टर अधिकारियों, ट्रैफिक बाइक राइडर्स एवं तीन क्रेनों की संयुक्त कार्रवाई से मार्गों को शीघ्र सामान्य किया गया।
शहर के भीतरी हिस्सों में दबाव कम करने के लिए कुफरी, मशोबरा, नालधेरा व अपर शिमला अवाम किन्नौर की एयर जाने वाले वाहनों को शोगी–मेहली बाईपास इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिसके परिणामस्वरूप, रोज़ औसतन 600-800 वाहन इस वैकल्पिक मार्ग को अपना रहे हैं।
इसके साथ ही पार्किंग स्थलों का प्रभावी प्रबंधन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहन तथा इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से यातायात नियमों का प्रभावी प्रवर्तन, समग्र यातायात प्रबंधन रणनीति के महत्वपूर्ण अंग रहे हैं।
शिमला पुलिस के ट्रैफिक विंग, जिला पुलिस, होमगार्ड, स्वयंसेवकों तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वित एवं योजनाबद्ध प्रयासों के परिणामस्वरूप पर्यटन सीजन के चरम दिनों में भी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी हुई है। जिला पुलिस शिमला नागरिकों एवं पर्यटकों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करती है तथा सभी से यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील करती है।

जिला शिमला में बढ़ते पर्यटक आवागमन एवं यातायात के प्रभावी प्रबंधन में यातायात शाखा द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों के सम्मान में आज दिनांक 27.06.2026 को पुलिस अधीक्षक, शिमला द्वारा यातायात शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, शिमला ने यातायात पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा विपरीत परिस्थितियों में निरंतर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन केवल नियमों का पालन करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले 10 सिविल वालंटियर्स को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।








