Home ट्रेंडिंग राष्ट्र प्रथम की भावना से बदलता भारत, जन-जन के जीवन में आया...

राष्ट्र प्रथम की भावना से बदलता भारत, जन-जन के जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन : जयराम ठाकुर

3
0


प्रधानमंत्री का सेवाकाल देश का स्वर्णिम काल, जवाबदेही, जनहित, पारदर्शिता, ‘सबका साथ- सबका विकास’ के मंत्र के साथ हर देशवासी तक योजनाएं पहुँचाने वाले नेता हैं नरेंद्र मोदी

अनूप ठाकुर,

17 सितंबर / सिरमौर।

Jeevan Ayurveda Clinic

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी जीवन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, तकनीक, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखे हैं।

“नरेंद्र मोदी का सेवाकाल देश के विकास और परिवर्तन का महत्वपूर्ण कालखंड रहा है। जवाबदेही, जनहित और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ उन्होंने सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया है। गरीब, किसान, महिला और युवा को विकास के केंद्र में रखते हुए उनकी सरकार ने जनकल्याण को नई दिशा दी है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जयराम ठाकुर ने नाहन और रेणुका जी में विविध कार्यक्रमों में भाग लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नाहन के काली स्थान मंदिर में उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए पूजा-अर्चना एवं हवन किया। इसके पश्चात ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत हिंदू आश्रम में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर श्री रेणुका जी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण भी किया गया। नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणास्रोत है। उनके जन्मदिवस को सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाना हम सभी के लिए गौरव का विषय है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी की राजनीतिक विरासत केवल सरकार चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह करोड़ों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली नीतियों और योजनाओं से निर्मित हुई है। गरीबों को पक्के घर, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों ने आम जनमानस के जीवन को प्रभावित किया है। जनधन योजना, आधार और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से सरकारी सुविधाओं की पहुंच को बेहतर बनाने का प्रयास हुआ है। डिजिटल भुगतान के विस्तार ने आर्थिक गतिविधियों और लेन-देन के तरीकों में बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सड़क, रेल, स्वास्थ्य सुविधाओं, डिजिटल बुनियादी ढाँचे और विनिर्माण के क्षेत्र में निरंतर कार्य हुआ है। आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य योजनाओं ने पात्र परिवारों को उपचार संबंधी आर्थिक सहायता का माध्यम उपलब्ध कराया है। उज्ज्वला योजना ने अनेक परिवारों को स्वच्छ ईंधन की सुविधा से जोड़ा है। स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता और जनभागीदारी को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में स्थापित किया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसी पहलों ने देश में उत्पादन, नवाचार और भारतीय क्षमताओं के प्रति विश्वास को बढ़ावा दिया है। भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रति आत्मविश्वास और वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण विशेषताएँ हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सभी देवी देवताओं से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें तथा उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़े। देशवासियों के जीवन में सुगमता, अवसर और आत्मविश्वास बढ़ाने वाली विकास यात्रा आगे भी जारी रहे।

पंचायती राज चुनाव करवाने में सरकार की आनाकानी लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति मुख्यमंत्री की नीयत पर सवाल खड़े करती है

जयराम ठाकुर श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पंचायत चुनाव में जीत की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पंचायत का नेतृत्व करना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि सभी जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ऐसा था, जिसके परिणाम को मुख्यमंत्री पहले से जानते थे, इसलिए चुनाव करवाने से बच रहे थे। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर करवाना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी थी, लेकिन सरकार ने चुनाव टालने के लिए हरसंभव प्रयास किया और हमें इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़नी पड़ी। लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी गांव की पंचायत है और चुनावों में देरी कर सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाकर सुक्खू सरकार के कार्यकाल का हिसाब लिया जाएगा। सरकार की नाकामियों और जनता से किए गए वादों की हकीकत प्रदेश की जनता के सामने है। पिछले विधानसभा चुनाव में जो कमी रह गई थी, उसे पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती, एकजुटता और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएंगे। कांग्रेस पंचायतीराज के चुनाव की तरह विधान सभा में भी साफ़ हो जाएंगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता, श्री रेणुका जी के विधायक नारायण सिंह सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here