भावना ठाकुर,
06 सितंबर / सोलन।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में स्वर्गीय सविता गर्ग की पुण्य स्मृति में 19वां सविता गर्ग मेमोरियल इवेंट ‘इन्फोटेनिएड’ एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलमय दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने भक्तिमय देवी वंदना प्रस्तुत की। सविता गर्ग की स्मृति में प्रत्येक वर्ष एक ही दिन इन दोनों कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जो ज्ञान, प्रतिभा, सेवा और मानव कल्याण के मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

रक्तदान शिविर में विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग एवं पीयूष गर्ग ने सर्वप्रथम स्वयं रक्तदान कर सभी के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस कदम से उत्साहित होकर अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और इस पुनीत अभियान में योगदान दिया।
रक्तदान शिविर के पश्चात ‘इन्फोटेनिएड’ के अंतर्गत सोलन जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में ‘आर्टवेंचर’ पेंटिंग प्रतियोगिता (विषय: माँ: पोषण से सशक्तिकरण तक), ‘साइक्रेस्ट’ विज्ञान प्रश्नोत्तरी, ‘पावर ऑफ पर्सुएशन’ वाद-विवाद प्रतियोगिता (विषय: आधुनिकता: हमारी शक्ति या संघर्ष) तथा मूट कोर्ट प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने कला, विज्ञान, तर्कशक्ति और नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सागरिका बख्शी ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वागत एवं धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को सीखने, प्रतिभा पहचानने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
ओवरऑल ट्रॉफी: एम. आर. ए. डी.ए.वी.
पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बाल भारती स्कूल को, वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल को, विज्ञान प्रश्नोत्तरी में प्रथम स्थान सेंट ल्यूक्स को तथा मूट कोर्ट में प्रथम स्थान एम. आर. ए. डी.ए.वी. को प्राप्त हुआ।
यह आयोजन ज्ञान, प्रतिभा और मानव सेवा का अद्भुत संगम रहा, जिसने “Dream Big. Work Hard. Let Your Talent Shine!” के संदेश को सार्थक किया।








