भावना ठाकुर,
05 सितंबर / सोलन।
लायंस क्लब सोलन वैली द्वारा आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोठों के वरिष्ठ विंग में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय पुलिस अधीक्षक सोलन T. Sai Dattatreyavarma, IPS मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के चेयरमैन लायन विनीत राय सूद रहे। इस अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष MJF लायन रामिंदर बावा सहित लायन रमेश सिंगला, लायन गुरचरण सिंह, लायन डॉ. आर. के. सूद, लायन रवि गोयल, लायन आर. के. गोयल, लायन मदन शर्मा, लायन शक्ति अवस्थी एवं लायन अनूप सूद उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल बाली ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सोलन तथा लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि T. Sai Dattatreyavarma, IPS, SP Solan ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों एवं नशे से दूर रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष MJF लायन रामिंदर बावा ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं तथा विद्यार्थियों को सही दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर अध्यक्ष द्वारा विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं सहायक स्टाफ को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
समाजसेवा के तहत लायंस क्लब सोलन वैली ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए ₹11,000 की राशि प्रधानाचार्य अनिल बाली को प्रदान की। यह राशि विद्यालय में टाइल्स के कार्य एवं स्कूल के विकास के लिए क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एम. पी. सिंघल द्वारा प्रायोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब सोलन वैली द्वारा विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को जूस, फल एवं बिस्कुट भी वितरित किए गए।
लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष MJF लायन रामिंदर बावा ने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, नशा मुक्ति एवं जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं लायंस क्लब के सभी सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया।








