भूपेंद्र ठाकुर,
09 जून / शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक व्यक्ति को लगभग 7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई 6 जून 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम द्वारा एनएच-5 पर तारादेवी बाईपास के पास नाका और चेकिंग अभियान के दौरान की गई। इसी दौरान हिसार-चंडीगढ़-शिमला रूट पर चल रही हरियाणा रोडवेज की एक बस को रोककर तलाशी ली गई। एक संदिग्ध यात्री के कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान सुनील कुमार (31 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, गांव खोलगली, डाकघर पराला, तहसील ठियोग, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना शिमला पश्चिमी में अभियोग संख्या 110/2026 दर्ज किया गया है। यह मामला एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका 10 जून 2026 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।








