Home क्राइम सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: NDPS मामले में 47.76 लाख की अवैध...

सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: NDPS मामले में 47.76 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज, नशा तस्करों का वित्तीय नेटवर्क ध्वस्त

6
0

भावना ठाकुर,

02 अगस्त / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

जिला पुलिस सोलन ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी वित्तीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में व्यापक वित्तीय जांच (Comprehensive Financial Investigation) के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित 47.76 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध बैंकिंग राशि, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) एवं अचल संपत्ति (भूमि) को विधि-अनुसार फ्रीज कर दिया। यह सख्त कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट 1985 के अध्याय V-A के प्रावधानों के तहत की गई है, जिसका मकसद तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।

दाड़लाघाट में हुई थी चरस व अफीम की बरामदगी
गौरतलब है कि इस मामले की शुरुआत 10 मार्च 2026 को हुई थी, जब जिला पुलिस की SIU टीम ने दाड़लाघाट क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की। पुलिस ने एक आल्टो कार और एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें ट्रक से 1.980 किलोग्राम चरस और 935 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक चालक कमलेश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि आल्टो कार चालक मनोज कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस पर थाना दाड़लाघाट में मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी जांच के बाद गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी
पुलिस ने फरार आरोपी मनोज कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दीं और तकनीकी निगरानी (CDR व मोबाइल लोकेशन) के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। आखिरकार, 23 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने 40 वर्षीय आरोपी मनोज कुमार को सोलन शहर से दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मनोज मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और वह उक्त ट्रक को अपनी कार से पायलट कर रहा था।

बैंक खातों में मिले 2 करोड़ से अधिक के संदिग्ध लेन-देन
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत उसके वित्तीय नेटवर्क की गहन जांच शुरू की। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए:

· आरोपी मनोज कुमार के बैंक खाते में वर्ष 2023 से 2026 के बीच लगभग ₹2.05 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन पाया गया।
· उसकी पत्नी के खाते में ₹58 लाख के लेन-देन तथा कई FD निवेश मिले, जिनमें से कुछ को आरोपी के फरार होने के बाद समय से पहले एनकैश करा लिया गया।
· आरोपी के पिता के विभिन्न खातों में ₹48 लाख से अधिक के संदिग्ध लेन-देन पाए गए।
· आरोपी की बहन के खाते में भी काफी संदिग्ध लेन-देन मिले।

बिलासपुर में 28 लाख में खरीदी गई थी जमीन
वित्तीय जांच में यह भी सामने आया कि मनोज कुमार ने मौजा भड़ोग, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर में लगभग 5 बिस्वा भूमि खरीदी थी, जिसका सौदा ₹28 लाख में हुआ था। विक्रेता ने भी पुलिस को बयान में इस बात की पुष्टि की।

फरार सप्लायर दत्त राम से भी मिला वित्तीय संबंध
जांच के दौरान मामले के मुख्य सप्लायर दत्त राम (निवासी कुल्लू) और उसके परिवार के बैंक खातों में भी मनोज एवं उसकी पत्नी से हुए संदिग्ध लेन-देन पाए गए। दोनों परिवारों के बीच आपसी आर्थिक संबंध (Financial Nexus) स्थापित होने के स्पष्ट संकेत मिले। दत्त राम (जो वर्तमान में फरार है और जिसके विरुद्ध उद्घोषणा जारी है) एवं उसके परिवार से संबंधित ₹2.44 लाख की संपत्ति भी फ्रीज की गई।

कुल 47.76 लाख की संपत्ति फ्रीज, दिल्ली भेजी गई रिपोर्ट
दोनों आरोपियों व उनके परिवारों से संबंधित कुल ₹47.76 लाख से अधिक की बैंकिंग संपत्ति, FD, RD, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस, सुकन्या समृद्धि योजना व अचल संपत्ति को पुलिस ने फ्रीज कर दिया। इस संबंध में आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए पूरी रिपोर्ट Competent Authority & Administrator, नई दिल्ली को भेज दी गई है।

साल 2026 में पुलिस का बड़ा रिकॉर्ड
जिला पुलिस सोलन ने साल 2026 में अब तक कुल 02 मामलों में 13 आरोपियों/सहयोगियों की कुल 1.15 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति को फ्रीज किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को चिन्हित करने और उन्हें बर्बाद करने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। किसी भी तस्कर को उसके अवैध धन से बनी संपत्ति पर नहीं बैठने दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here