भावना ठाकुर,
28 जुलाई / सोलन।
बघाट अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। सहकारी सभा के सहायक रजिस्ट्रार (सोलन) ने 110 डिफाल्टरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं, जिनमें से 20 को अब तक गिरफ्तार कर लिया गया है। बीते एक सप्ताह के दौरान अदालत ने करीब 50 लाख रुपए की वसूली भी की है।
सहायक रजिस्ट्रार गिरीश नड्डा के अनुसार, बैंक के डिफाल्टरों पर अब सख्ती बरती जा रही है और किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने बताया कि सोलन, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों के डिफाल्टरों को नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि, अब तक सिर्फ सोलन जिले के ही डिफाल्टर गिरफ्तार हुए हैं, अन्य जिलों से अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

सहायक रजिस्ट्रार की अदालत के समक्ष कुल 80 करोड़ रुपए की बकाया राशि वसूली का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को अदालत में सबसे बड़ा डिफाल्टर भी पेश हुआ, जिस पर करीब 20 से 25 करोड़ रुपए का कर्ज बताया गया है। अदालत ने इस मामले में भी सख्त रुख अपनाते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
सहायक रजिस्ट्रार गिरीश नड्डा ने स्पष्ट किया कि इस बार किसी भी डिफाल्टर को राहत नहीं दी जाएगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी से बकाया राशि की वसूली की जाएगी। गिरफ्तारी और वसूली का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।








