भावना ठाकुर,
24 जुलाई / परवाणू (सोलन)।
सोलन जिले के परवाणू स्थित सनसाईं होटल से नल और तांबे की पाइपें चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी गए सामान की कीमत लगभग ₹70,000 आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
22 जुलाई 2026 को होटल मालिक भूपेंद्र कुमार ने पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई कि होटल के एक कमरे से नल एवं तांबे की पाइपें चोरी हो गई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 305 और 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने होटल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी हरीश उर्फ गंजू (पुत्र मन बहादुर, आयु 27 वर्ष) मूल रूप से नेपाल का निवासी है और वर्तमान में गाँव कामली, डाकघर परवाणू, तहसील कसौली, जिला सोलन में रहता है। आरोपी को 23 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है तथा यह भी जाँच की जा रही है कि वह किसी अन्य चोरी की वारदात में भी संलिप्त तो नहीं है। मामले में आगे की जाँच जारी है।








