Home ट्रेंडिंग मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम शुरू

मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम शुरू

7
0

– कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाएं: मुख्यमंत्री

भूपेंद्र ठाकुर,

21 जुलाई / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम’ की शुरूआत आज सिरमौर जिला के पच्छाद तथा शिमला जिला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र से की। उन्होंने ओक ओवर शिमला में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और विकास कार्यों पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस सरकार के साथ खड़े हैं। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की और सरकार को पूर्ण सहयोग देने की बात की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाएं और राज्य सरकार की नीतियों और जन कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं और इनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदहाल व्यवस्था कांग्रेस सरकार को पिछली भाजपा सरकार से विरासत में मिली। इस व्यवस्था में सुधार करने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाए हैं। मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में और सुधार नजर आएगा। इसके अलावा सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान भी बनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में 150 से ज्यादा सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठयक्रम लागू किया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके। इन स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति की जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दूध के मूल्य में वृद्धि की है। गाय का दूध 61 रुपये तथा भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठा रही है और प्राकृतिक खेती से तैयार कृषि उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सेब बागवानों का मण्डी मध्यस्थता योजना के तहत 30 बोरी तक खरीदे गए सेब का पूरा भुगतान कर दिया है। अब राज्य सरकार 100 बोरी तक सेब का भुगतान करने जा रही है और उसके बाद 100 से ज्यादा सेब बोरी का पैसा जारी कर दिया जाएगा।
श्री सुक्खू ने कहा कि विधवा महिलाओं और एकल नारियों के बच्चों की शिक्षा का खर्च भी राज्य सरकार उठा रही है और पात्र विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर बीस लाख तक ऋण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पच्छाद और चौपाल विधानसभा क्षेत्र में विकास के मामले में कमी नहीं आने दी जाएगी और वहां अधूरे कार्यों को पूर्ण करने के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार पूरे प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित कर रही है।


इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पच्छाद प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाई एस परमार की जन्मभूमि है और राज्य सरकार पच्छाद क्षेत्र का विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बनाकर कांग्रेस हाईकमान ने पूरे सिरमौर जिला को सम्मान दिया है। प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं और वर्तमान कांग्रेस सरकार 2027 में पुनः सत्ता में आकर इतिहास रचने को तैयार हैं।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद जिंटा, चौपाल से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रजनीश किमटा, जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष कृष्ण हिमराल, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता इस अवसर पर उपस्थित थेे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here