भावना ठाकुर,
16 जुलाई / सोलन।
सोलन शहर के वार्ड नंबर-10 और अफसर कॉलोनी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बंदरों की लगातार हो रही संदिग्ध मौतों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बंदरों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और आशंका जताई जा रही है कि उन्हें जहर दिया गया हो। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्थानीय निवासी अवतार सिंह ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों में अलग-अलग स्थानों पर कई बंदरों के शव मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि एक बंदर उनके सामने तड़पते हुए मर गया। उनका कहना है कि बंदरों की समस्या का समाधान नसबंदी जैसे स्थायी उपायों से किया जाना चाहिए, न कि इस तरह उनकी मौत होने दी जाए।
वार्ड निवासी पिंकी के अनुसार, पहले क्षेत्र में 15 से 20 बंदर दिखाई देते थे, लेकिन अब उनकी संख्या काफी कम हो गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी प्रशासन को भी दी जा चुकी है।
वहीं, एहसास फाउंडेशन की संस्थापक श्वेता शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम ने एक मृत बंदर को कूड़े के ढेर से बाहर निकालकर सम्मानपूर्वक दफनाया। उन्होंने मांग की कि सभी मृत बंदरों का पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने भी वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द जांच की मांग की है।








