Home ट्रेंडिंग हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की तैयारी में

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की तैयारी में

4
0

– 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

भूपेंद्र ठाकुर,

15 जुलाई / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की तैयारी में है। राज्य के अधिकतर भागों में लगातार चार दिन झमाझम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है, जबकि कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, जिससे उमस भरी गर्मी बढ़ गई थी। राजधानी शिमला में भी पारा चढ़ने से लोग परेशान नजर आ रहे थे। आज सुबह शिमला और आसपास के इलाकों में धूप खिली हुई है, हालांकि हल्के बादल भी छाए हैं, जो बारिश की संभावना जता रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आने वाले दिनों का मौसम का हाल कुछ इस प्रकार रहेगा :

· 15 और 16 जुलाई : प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
· 17 जुलाई : कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
· 18 से 21 जुलाई : राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट :

· 18 और 19 जुलाई : कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
· 20 और 21 जुलाई : कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने सभी जिला प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और खासकर भूस्खलन व बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहें।

राज्य में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश से न सिर्फ उमस से राहत मिलेगी, बल्कि किसानों और बागवानों को भी फायदा पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम विभाग ने भारी वर्षा को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की आशंका पर भी नजर रखने को कहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here