भूपेंद्र ठाकुर,
17 जून / शिमला।
थाना ढली पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंपकर संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय दिया है।
पुलिस को 16 जून 2026 को एक शिकायत मिली थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटी है। शिकायत के तुरंत बाद पुलिस थाना ढली ने अभियोग संख्या 42/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित स्थानों पर छानबीन की, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और पड़ोसी जिलों की पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित किया। तकनीकी साधनों और मानवीय सूचना तंत्र के संयोजन से चलाए गए तलाश अभियान के दौरान पुलिस को सफलता मिली।
17 जून 2026 को पुलिस टीम ने नाबालिग लड़की को मोहन पार्क, सोलन से सुरक्षित बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद लड़की का मेडिकल परीक्षण करवाया गया और उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग घरवालों को बिना बताए मेला देखने के लिए चली गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले की आगामी अन्वेषण जारी है और नाबालिग की मानसिक स्थिति को देखते हुए आवश्यक काउंसलिंग भी करवाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शिमला ने इस सफल अभियान के लिए टीम की सराहना की है तथा आमजन से अपील की है कि बच्चों पर नज़र रखें और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।








