भावना ठाकुर,
08 जून / सोलन।
जून का महीना शुरू होते ही हिमाचल के पहाड़ी इलाके भी तपने लगे हैं। सोमवार को सोलन शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, सोलन जिले के नालागढ़ और बद्दी में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा, जिससे तापमान में और वृद्धि हो सकती है। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को अत्यधिक गर्मी के कारण लोग छाते लेकर घरों से बाहर निकले। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह के समय मौसम सुहावना बना रहा, जिसने लोगों को थोड़ी राहत दी।








