भावना ठाकुर,
05 जून / सोलन।
आज साई इंटरनेशनल स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 7 के विद्यार्थियों द्वारा एक लघु नाटिका (स्किट) प्रस्तुत की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बताया गया कि हम अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों से प्रकृति को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जोशीले नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी ने पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने यह भी प्रण लिया कि वे अपने प्रत्येक जन्मदिन पर एक पौधा लगाएंगे तथा उसकी नियमित देखभाल भी करेंगे, ताकि हर वर्ष पर्यावरण को एक नई सौगात मिल सके।
विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा एवं प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया तथा उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना था। विद्यालय परिवार ने सभी से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।








