भावना ठाकुर,
13 मई/कुनिहार (सोलन)।
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में मातृ दिवस का कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और प्रेमपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के परिसर में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर नर्सरी से लेकर दूसरी कक्षा तक के छोटे-छोटे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था और पूरा वातावरण बच्चों की मधुर प्रस्तुतियों, हर्ष एवं उल्लास से सराबोर दिखा।
कार्यक्रम का आगाज स्वागत संदेश और माँ के सम्मान में प्रेरणादायक विचारों के साथ किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी माताओं की आँखें नम कर दीं। वहीं शिक्षकों की विशेष प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने जमकर सराहा।
माताओं के सम्मान में विभिन्न मनोरंजक खेलों और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विजेता माताओं को आकर्षक उपहार भेंट किए गए। कई माताओं ने मंच पर आकर विद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और बच्चों की अद्भुत प्रस्तुतियों की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्का भारद्वाज ने सभी माताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “माँ बच्चे की पहली गुरु होती है और बच्चे के जीवन में उनका योगदान अमूल्य होता है।”
विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग एवं अदिति गर्ग ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में प्रेम, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।









