भूपेंद्र ठाकुर,
17 अप्रैल/शिमला।
जिला शिमला में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सुदृढ़ रात्रि गश्त एवं चेकिंग व्यवस्था लागू की गई है।
जिले के सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में पुलिस स्टाफ द्वारा प्रतिदिन रात्रि के समय नियमित रूप से संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की आसूचना आधारित गहन जांच की जाती है। यह व्यवस्था अपराधों की रोकथाम तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध हो रही है।
विशेष उल्लेखनीय है कि जिले के सभी पर्यवेक्षक अधिकारी स्वयं रात में अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सक्रिय रूप से मौजूद रहते हुए न केवल गश्त कर रहे हैं, बल्कि नाकों, पुलिस थानों एवं गश्त व्यवस्था का औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों की यह सतत उपस्थिति एवं निगरानी अधीनस्थ कर्मचारियों में जवाबदेही एवं कार्यकुशलता को बढ़ा रही है। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों द्वारा क्रॉस-जूरिस्डिक्शन चेकिंग की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिसके अंतर्गत एक क्षेत्र के परिवेक्षक अधिकारी दूसरे क्षेत्र में जाकर निरीक्षण एवं चेकिंग करते हैं। इस पहल से निगरानी प्रणाली और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनी है।
ज़िला पुलिस की इस पहल से जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को बल मिला है।शिमला पुलिस सभीं नागरिकों से इस मुहिम में सहयोग के लिए उनका धन्यवाद करती है।









