भावना ठाकुर,
15 अप्रैल/कुनिहार(सोलन)।
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में कक्षा 10 का केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय के छात्र हितेन ने 92.6%, काव्यांश ने 91.2%, अव्या ने 86.4%, अर्पिता ने 85.6% और लावण्या ने 84.2% अंक अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने विषयवार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के लिए गौरव के नए आयाम स्थापित किए। सामाजिक विज्ञान में सर्वाधिक 97 अंक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में 95 अंक, विज्ञान में 94 अंक तथा अंग्रेजी में 93 अंक प्राप्त कर विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, मेहनत और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्का भारद्वाज ने गुरुकुल परिवार के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ को उनके सराहनीय प्रयासों के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक समर्पण, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग एवं अदिति गर्ग ने विद्यार्थियों को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है। उन्होंने आगे कहा कि गुरुकुल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने शिक्षकों की प्रतिबद्धता, अभिभावकों के निरंतर सहयोग और विद्यार्थियों की अथक मेहनत को दिया। साथ ही, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई ऊंचाइयों को छुएंगे और विद्यालय का नाम निरंतर गौरवान्वित करेंगे।









