भावना ठाकुर, सोलन।
पुलिस थाना परवाणू की टीम ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कामली पुल के समीप की जा रही गश्त एवं यातायात चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार के कब्जे से 9.28 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। वहीं, आरोपी को छुड़ाने आए तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस टीम जब वाहनों की जांच कर रही थी, तभी टिपरा की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध अवस्था में आया। उसे रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से 9.28 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी ने अपनी पहचान अक्षय कुमार पुत्र संजीव कुमार, निवासी गाँव कालर, डाकखाना भद्रवाड़, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी (उम्र 21 वर्ष) के रूप में बताई।

पुलिस मौके पर कानूनी कार्रवाई कर ही रही थी कि दो महिलाएं और एक पुरुष अचानक वहां पहुंचे और आरोपी को छुड़ाने के साथ ही पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करने लगे। टीम ने सूझबूझ से तीनों को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में इनकी पहचान अबुलेश पुत्र गिरिराज उर्फ अब्बू शाह (33), निशा उर्फ निशा शेख (28) तथा फिज्जा (32), सभी निवासी गाँव डंगयार, समीप शीतला माता मंदिर, परवाणू, तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये तीनों हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हैं और आरोपी अक्षय कुमार को पुलिस की हिरासत से छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना परवाणू में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अबुलेश के खिलाफ चिट्टा/हेरोइन तस्करी के तीन और निशा के खिलाफ दो अभियोग पहले से दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
सभी आरोपियों को शनिवार (28 मार्च) को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस रिमांड लेकर तस्करी नेटवर्क के स्रोतों और अन्य सदस्यों के बारे में गहनता से जांच आगे बढ़ाई जाएगी।









