
हिमाचल समय, सोलन, 01 मार्च ।
सोलन जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने रविवार को शहर के मॉल रोड पर एक आग्रह रैली निकालकर शिक्षा विभाग में लागू किए जा रहे कॉम्प्लेक्स सिस्टम (जटिल प्रणाली) का पुरजोर विरोध किया। जिला भर से बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक इस रैली में शामिल हुए और उन्होंने सरकार से अपने अधिकारों की रक्षा की गुहार लगाई।
सोलन में गर्मी शुरू होते ही जहरीले सांपों का आतंक, रसेल वाइपर रेस्क्यू

प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने मॉल रोड पर शांतिपूर्ण रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जोगा सिंह और महासचिव रजनीश कौशिक ने संघ के रुख को स्पष्ट करते हुए बताया कि हिमाचल प्राथमिक शिक्षक संघ इस कॉम्प्लेक्स सिस्टम का स्पष्ट रूप से विरोध करता है।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि यह नई प्रणाली शिक्षकों के अधिकारों का हनन करने वाली है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे पर शिक्षक संघ के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करे। उनका कहना था, “यह सिस्टम शिक्षकों के हितों के खिलाफ है और हम इसका हर स्तर पर विरोध जारी रखेंगे। सरकार को हमारी बात सुननी होगी।”
सोलन जिला के मझगांव में रंगे हाथों पकड़ा चोर
रैली के दौरान शिक्षकों ने कॉम्प्लेक्स सिस्टम को तुरंत वापस लेने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने की भी बात कही। यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और शिक्षकों ने अनुशासित ढंग से अपनी बात रखी।







