
हिमाचल समय,नाहन, 06 जून।
शहर के व्यस्त दिल्ली गेट इलाके के समीप एचआरटीसी बस चालक और एक निजी बस संचालक के बीच टाइमिंग को लेकर विवाद हिंसक हो गया।
मंडी की बेटी अन्वी सिंह बनी एक दिन की डीसी
दोनों पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते हुए देखा जा सकता है।
नाहन से बेचड़ का बाग मार्ग पर चलने वाली एचआरटीसी बस नाहन बस स्टैंड से दिल्ली गेट के लिए रवाना हुई।
यातायात जाम के कारण बस अपने निर्धारित समय से लगभग 2 मिनट विलंब से पहुंची। इस देरी को लेकर दिल्ली गेट के पास एचआरटीसी चालक
और निजी बस संचालक के बीच तकरार शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया
और मामला शांत करवाया।नाहन बस स्टैंड के सहायक अड्डा प्रभारी, शमशेर सिंह ने बस के 2 मिनट विलंब से पहुंचने की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि एचआरटीसी चालक घटना के बाद बस को निर्धारित रूट पर ले गया। बस के वापस स्टैंड पहुंचने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
यह घटना चिंताजनक है क्योंकि कुछ दिन पहले ही नाहन बस स्टैंड परिसर में यात्रियों और एचआरटीसी कर्मियों के बीच झड़प की एक और घटना हुई थी,
जिसकी भी पुलिस में शिकायत दर्ज की गई थी। फिलहाल, इस नई घटना में गलती का स्पष्ट आरोप किसी पर नहीं लगाया गया है,
लेकिन वायरल वीडियो ने मामले को तूल दे दिया है। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
ताज़ा खबरों के लिए जोड़े www.himachalsamay.com








